
राज्यमंत्री राधा सिंह की पहल से पीड़ित परिवारों को त्वरित आर्थिक सहायता
दिनांक 16 दिसंबर 2025 की रात्रि में ग्राम मयना गोसाईं, थाना लालगंज, जिला मिर्जापुर (उ.प्र.) से एक पिकअप वाहन द्वारा ग्राम बगडेवा, थाना गढ़वा के मजदूरों को छोड़ा जा रहा था। वाहन चालक अमरेश पटेल, निवासी मयना गोसाईं, पिकअप लेकर झरकटा पहाड़ मार्ग से गुजर रहा था, तभी अचानक ब्रेक फेल हो जाने से वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
इस भीषण दुर्घटना में पिकअप में सवार अमर लाल बैगा, शीलू बैगा एवं लालू बैगा (तीनों निवासी बगडेवा) तथा सुरुजलाल बैगा (निवासी उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य व्यक्ति घायल हो गए।
दुर्घटना में घायल चार व्यक्तियों में से संतोष बैगा की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें उपचार हेतु बैढ़न ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।गंभीर रूप से घायल व्यक्ति संतोष बैगा को भी संबल योजना के तहत सहायता राशि दिलाई जाएगी।
घटना की जानकारी मिलते ही राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उनकी विशेष पहल पर शीलू बैगा के परिजनों को रेडक्रॉस से 4 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। वहीं अमर लाल बैगा एवं लालू बैगा के परिजनों को संबल योजना के अंतर्गत 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कराई गई।
प्रशासन द्वारा रात्रि में ही पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर सहायता राशि का वितरण किया गया।
*राज्यमंत्री राधा सिंह के द्वारा परिजनों से स्वयं फोन पर बात किया गया तथा उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर वे स्वयं पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी रहेंगी और उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी।*
राज्यमंत्री राधा सिंह ने दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।


