— सीएम राइज को प्रथम, उत्कृष्ट विद्यालय को द्वितीय व कन्या विद्यालय को मिला तृतीय पुरस्कार
चितरंगी। 78वें स्वतंत्रता दिवस पर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित परेड ग्राउंड में अंतर विद्यालयीय सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस दौरान धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया जहां कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण से हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष शिया दुलारी, बतौर विशिष्ट अतिथि जनपद उपाध्यक्ष कौशल प्रताप सिंह, चितरंगी के उपखण्ड अधिकारी सुरेश जादव, तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह, सभापति महिला बाल विकास परियोजना चितरंगी सुष्मा सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी मिश्रीलाल सिंह, बीआरसी सियाराम भारती, डीडीओ व संकुल प्राचार्य जेजे भारती, सीएम राइज विद्यालय के प्राचार्य अशोक सिंह आदि ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इसके बाद मौजूद सभी लोगों ने एक साथ सामूहिक राष्ट्रगान किया। तत्पश्चात सभी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक रूप से परेड की गई। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ जहां प्राथमिक शाला लालमाटी के नन्हे मुन्ने बच्चों द्वारा भारत माता की आजादी पर आधारित नृत्य नाटिका पर कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस दौरान नन्हे मुन्ने बच्चों के नृत्य कौशल की सभी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। इसके बाद शासकीय सीएम राइज मॉडल स्कूल के छात्रों द्वारा प्रस्तुत आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के बलिदान पर आधारित नृत्य नाटिका का मंचन किया गया। इसमें अंग्रेजों द्वारा किए गए अत्याचारों का सजीव चित्रण देखने को मिला। जिसे देखकर सभी की आंखें नम हो गई। इसके बाद शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा मंगल पांडेय : आजादी के दीवाने विषय पर नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई जिसे देखकर सभी की आंखें नम हो गई। इस दौरान जनजातीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा जनजातीय व प्रकृति संरक्षण को लेकर नृत्य प्रस्तुत किया गया जिसमें आंचलिक परिवेश का अंश देखने को मिला। इसके अलावा अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। निर्णायक मंडल द्वारा सभी विद्यालयों के कार्यक्रम का विभिन्न मानकों पर आंकलन किया गया जिसमें सीएम राइज मॉडल स्कूल को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। वहीं उत्कृष्ट विद्यालय को द्वितीय स्थान जबकि कन्या उच्चतर विद्यालय को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। मुख्य अतिथि, विशिष्ठ अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालयों को पुरस्कृत किया। इसके अलावा शिक्षा व सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पद्माकर मिश्र व उर्मिलेश पांडेय ने किया।


